-पत्रकारिता की बारीकियों को समेटे ‘पत्रकारिता का ककहरा’ पुस्तक का विमोचन
बस्ती। पत्रकारिता केवल समाचार लिखने और प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने और जनसरोकारों को आवाज देने का सशक्त जरिया है। बदलते दौर में पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों, दायित्वों और उसकी बारीकियों को समझना बेहद जरूरी है।

इसी उद्देश्य को केंद्र में रखकर दैनिक जागरण/नई दुनिया इंदौर के समाचार संपादक एवं जनपद के निवासी कमलेश पाण्डेय द्वारा लिखित पुस्तक ‘पत्रकारिता का ककहरा’ का रविवार को प्रेस क्लब सभागार में भव्य विमोचन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. रामदेव शुक्ल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम नरेश सिंह मंजुल ने की। संयोजन ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार त्रिपाठी ने किया, जबकि संचालन डॉ. योगेश कुमार शुक्ल ने किया।
विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रो. रामदेव शुक्ल ने कहा कि पुस्तक के शीर्षक में ‘ककहरा’ शब्द का प्रयोग लेखक की विनम्रता को दर्शाता है। वास्तव में यह पुस्तक केवल नए पत्रकारों के लिए ही नहीं, बल्कि हिंदी भाषा से जुड़ाव रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए उपयोगी है।
उन्होंने कहा कि शब्दों का निर्माण कैसे होता है और उनका स्वरूप किस तरह बिगड़ता है, इसकी महत्वपूर्ण जानकारी इस पुस्तक में मिलती है। हर लेखक के मन में भविष्य का एक नक्शा होता है और उसकी लेखनी में उस कल्पना की झलक दिखाई देती है। लेखक का उद्देश्य केवल लिखना भर नहीं होना चाहिए, बल्कि अपने लेखन के माध्यम से समाज और विचारों को सकारात्मक दिशा देना भी होना चाहिए। उन्होंने पुस्तक की सराहना करते हुए लेखक कमलेश पाण्डेय के पहल को सराहा।
कार्यक्रम को उत्तम सिंह, प्रेस क्लब उपाध्यक्ष विनोद उपाध्याय, समाजसेवी दुर्गा दत्त पांडेय, प्रदीप चन्द्र पाण्डेय, महेंद्र त्रिपाठी, रत्नेश शुक्ल, पुनीत ओझा, डॉ. सर्वेष्ठ मिश्र, कैलाश नाथ दुबे सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। पुस्तक के लेखक ने अपनी पत्रकारिता यात्रा और लेखन के अनुभव साझा किए।
उन्होंने बताया कि पत्रकारिता के बुनियादी पहलुओं, भाषा की शुद्धता, समाचार लेखन की समझ और पत्रकार के दायित्वों को सरल भाषा में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से इस पुस्तक की रचना की गई है, ताकि पत्रकारिता के विद्यार्थियों और नई पीढ़ी के पत्रकारों को इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर अनुराग श्रीवास्तव, बृहस्पति पांडेय, नीरज श्रीवास्तव, मनोज कुमार सिंह, रवीश मिश्र, विवेककान्त पाण्डेय, अनिल त्रिपाठी, अनिल पांडेय, राजेश यादव, हरि निषाद, सुनील पांडेय, वीरेंद्र पांडेय, हरिशंकर पांडेय, महेन्द्र त्रिपाठी, देवेन्द्र पाण्डेय, कपीस मिश्र, हेमंत पांडेय, कमलेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।


