कुदरहा। आकांक्षी ब्लॉक कुदरहा में सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत मंगलवार को उस समय सामने आई, जब निरीक्षण करने पहुंचे विशेष सचिव शेषनाथ ने जल जीवन मिशन की पाइप लाइन नाली में बिछी देख ली। मौके की स्थिति देखकर वह नाराज हो गए और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के भीतर नाली से पाइप हटाकर बगल में सुरक्षित स्थान पर बिछाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विशेष सचिव ने ग्राम पंचायत पसड़ा और बानपुर में संचालित योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर लाभार्थियों से सीधे जानकारी ली। पसड़ा उपकेंद्र पर एएनएम से टीकाकरण की स्थिति जानी। पशुपालकों से पशुओं के टीकाकरण के बारे में जानकारी ली, जिस पर समय से टीकाकरण होने की बात सामने आई।
निर्माणाधीन पंचायत भवन का निरीक्षण कर कार्य जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। इसके बाद ज्ञानमती पत्नी इंद्रमणि, पूनम पत्नी महेंद्र, बन्नो पत्नी हाफिज अली, मोहिउद्दीन पुत्र जाफर, संजय पुत्र रामविलास, शारदा पत्नी रमजय, शारदा और सावित्री पत्नी घुरहू के आवासों की जांच की। आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकृत सभी लाभार्थियों को शत-प्रतिशत योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।
बानपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया। जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य पर नाराजगी जताई। वहीं बिजली कनेक्शन से वंचित विधवा पूनम के घर तत्काल कनेक्शन कराने का निर्देश बिजली विभाग को दिया।


