•नोडल अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवन का किया स्थलीय निरीक्षण।
रिपोर्ट: केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। विशेष सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग एवं नोडल अधिकारी श्री रवि रंजन (आईएएस) ने आकांक्षात्मक विकासखंड बघौली का भ्रमण कर नीति आयोग द्वारा निर्धारित 50 पैरामीटर पर संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बघौली का निरीक्षण करते हुए चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्साधिकारी को गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का नियमित टीकाकरण समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सालय के इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित रखने पर जोर दिया।
इसके बाद नोडल अधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय कुरियापाल बेलहसा का निरीक्षण किया। उन्होंने स्मार्ट टीवी के माध्यम से बच्चों को पढ़ाए जाने की व्यवस्था एवं शिक्षण पद्धति का जायजा लिया तथा बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।
आंगनबाड़ी केंद्र एवं पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सैम/मैम श्रेणी के बच्चों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। पंचायत भवन के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने पंचायत भवन का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपलब्ध सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा, ताकि स्थानीय नागरिकों को सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में असुविधा न हो।
नोडल अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने योजनाओं के लिए पात्र शत-प्रतिशत लाभार्थियों को लाभान्वित कराने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी बघौली अर्जित प्रकाश, एडीओ पंचायत, मुख्यमंत्री शोधार्थी, खंड शिक्षा अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।


