•जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति में संपन्न हुआ सामूहिक विवाह कार्यक्रम।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। विकासखंड मछरेहटा में समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 238 वर-वधुओं का विवाह विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इस आयोजन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के अवसर पर सहयोग प्रदान करना तथा नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुरुआत के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से माननीय विधायक रामकृष्ण भार्गव, विकासखंड मछरेहटा की ब्लॉक प्रमुख मिथिलेश कुमारी, गन्ना समिति के अध्यक्ष राम गोपाल अवस्थी, विजय भार्गव, अजय भार्गव, मंडल अध्यक्ष मछरेहटा राहुल सिंह, मंडल अध्यक्ष संदना सुरेंद्र अवस्थी तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त विकासखंड मछरेहटा, गोंदलामऊ, मिश्रिख एवं खैराबाद के खंड विकास अधिकारी, संबंधित विभागों के कर्मचारीगण, वर-वधुओं के परिजन, बाराती एवं जनाती सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जोड़ों का विवाह संपन्न होने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।


