•शैक्षणिक व्यवस्था से लेकर मध्यान्ह भोजन और आईसीटी लैब का लिया जायजा, नेतृत्व क्षमता को मिला बढ़ावा
मनोज अग्रहरि
मिर्जापुर। नगर पालिका स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय रानी कर्णावती, लालडिग्गी में शनिवार को मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत एक अनूठी पहल की गई। विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा तमन्ना को एक दिन के लिए विद्यालय का प्रधानाध्यापक बनाया गया।
एक दिन की प्रधानाध्यापक के रूप में तमन्ना ने पूरे आत्मविश्वास के साथ विद्यालय की कमान संभाली। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन संचालन, स्वच्छता व्यवस्था, आईसीटी लैब, ग्रीन स्कूल अभियान तथा विद्यालय में आयोजित होने वाली विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का निरीक्षण कर जानकारी प्राप्त की।
यह पहल मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं को सशक्त, जागरूक और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से की गई है। इसके माध्यम से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और आत्मनिर्भरता का विकास होता है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापक एवं राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित श्रीमती तिवारी ने बताया कि विद्यालय में प्रत्येक वर्ष मिशन शक्ति के साथ-साथ अन्य सभी गतिविधियों में बालिकाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी मजबूत पहचान बना सकें।


