•सोमनाथ मंदिर, द्वादश ज्योतिर्लिंग और शीतला माता की झांकी बनेगी आकर्षण, कुचीपुड़ी नृत्य की भी होगी प्रस्तुति।
मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। श्री रामलीला कमेटी बरियाघाट के तत्वावधान में पूर्वांचल के प्रसिद्ध विजयादशमी मेले का आयोजन इस वर्ष 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को किया जाएगा। मेले की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
बीते गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती रीतू केशरी ने मेले की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बरियाघाट का विजयादशमी मेला धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक समरसता का संगम है।
अब तक इस मेले में 8 से 10 लाख श्रद्धालु आते रहे हैं, लेकिन इस बार 10 से 15 लाख दर्शनार्थियों के आने की संभावना है। प्रायोजक अपने प्रतिष्ठानों के प्रचार के लिए झांकी, स्टॉल और स्वागत गेट के माध्यम से जुड़ सकते हैं।
अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष मेले की मुख्य आकर्षण सोमनाथ मंदिर, भैरव गुफा / माता का दरबार, द्वादश ज्योतिर्लिंग, अदलपुरा शीतला माता और नारी शक्ति की झांकियां होंगी। नारी शक्ति झांकी में पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर सहित मातृशक्ति के विभिन्न रूपों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके अलावा मेले में कुचीपुड़ी नृत्य का मंचन भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
संरक्षक वरिष्ठ पत्रकार अमरेश मिश्र ने कहा कि इस बार राष्ट्रभक्ति, धर्मशक्ति, सामाजिक जागृति और भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत झांकियों का अद्वितीय संगम देखने को मिलेगा।
महामंत्री संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि विजयादशमी के दिन पंचमुखी महादेव मंदिर की दिव्य सजावट की जाएगी। मेले में श्री राम दरबार (रामटेक मंदिर), शीतला माता मंदिर, सुग्रीव दरबार, अशोक वाटिका, रावण दरबार, बन बिहार, बजरंग बली द्वार, जय गणेश देवा, मीराबाई की भक्ति, बांके बिहारी, दक्षिणेश्वर काली माता सहित दो दर्जन से अधिक भव्य झांकियां सजाई जाएंगी। इन्हें देखने के लिए सोनभद्र, भदोही, प्रयागराज और मध्य प्रदेश तक से श्रद्धालु आते हैं।
कोषाध्यक्ष रवींद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि मेले में बल्ली, विद्युत सज्जा, साउंड और शार्पी लाइट का कार्य प्रगति पर है।
पत्रकार वार्ता के बाद पत्रकारों को सम्मानित किया गया और पदाधिकारियों को बैज देकर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष आकाश दूबे, मेला प्रभारी सत्येंद्र पांडेय उर्फ मुन्ना, मीडिया प्रभारी विमलेश अग्रहरि, समर चंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


