लखनऊ। कृषि आधारित उद्योगों, खाद्य प्रसंस्करण और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में लखनऊ में ‘क्वबजवत डवतपदहं’ आउटलेट की शुरुआत की गई।
उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अपर मुख्य सचिव बीएल मीणा ने शनिवार को वन रिपब्लिक मॉल के सामने स्थित आउटलेट का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य सहजन सहित प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाना है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संदेश में कहा कि खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ऐसी पहल महत्वपूर्ण है। सहजन सहित प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित उत्पादों के निर्माण और विपणन से किसानों की उपज का मूल्य संवर्धन होगा। साथ ही महिलाओं की उद्यमशीलता को प्रोत्साहन मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर विकसित हो सकेंगे।
कंपनी की संस्थापक एवं निदेशक डॉ. कामिनी सिंह के नेतृत्व में यह उद्यम सहजन सहित विभिन्न प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित हर्बल और स्वास्थ्य संबंधी उत्पादों के निर्माण एवं विपणन के क्षेत्र में कार्य कर रहा है।
कंपनी की खासियत यह है कि सहजन की पत्तियों की तुड़ाई से लेकर उनकी सफाई, सुखाने, पाउडर बनाने, प्रसंस्करण और पैकेजिंग तक की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इसके माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तीकरण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कंपनी के प्रमुख उत्पादों में सहजन पाउडर, टैबलेट, हर्बल चाय, सहजन और मोटे अनाज से बने कुकीज व लड्डू, मखाना स्नैक्स, हस्तनिर्मित साबुन, दर्द निवारक तेल, बालों का तेल, चेहरे के लिए सीरम तथा अन्य हर्बल उत्पाद शामिल हैं।इस पहल का उद्देश्य किसानों को बाजार से जोड़ना, कृषि उत्पादों का मूल्य बढ़ाना और प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित उद्यमों को प्रोत्साहित करना है।
इससे स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित करने में मदद मिल सकती है।


