•पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, निर्वाचन आयोग के नियमों का कड़ाई से पालन करने पर जोर
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि।
मीरजापुर। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार तथा पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक की उपस्थिति में पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों का द्वितीय प्रशिक्षण विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कहा कि सभी पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें और उनका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। सभी मतदान कार्मिक निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रशिक्षण में उपस्थित होकर निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित प्रत्येक बिंदु की जानकारी प्राप्त करें, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाओं एवं निर्वाचन सामग्री की भली-भांति जांच कर ली जाए। मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। मतदान के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न होने देने का विशेष ध्यान रखा जाए। मतदान की गोपनीयता बनाए रखना प्रत्येक मतदान कार्मिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निष्पक्षता बनाए रखें तथा किसी भी राजनीतिक दल या प्रत्याशी के पक्ष में कार्य न करें। मतदान के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित कर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि मतदान समाप्त होने के बाद सभी अभिलेखों, प्रपत्रों एवं निर्वाचन सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तैयार कर सुरक्षित रूप से जमा कराया जाए। उन्होंने सभी पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
प्रशिक्षण के दौरान परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


