•प्रदेश के 703 नगरीय निकायों को 1,034.76 करोड़ का बजट जारी, विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं पर खर्च होगी धनराशि।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के नगरीय निकायों के विकास कार्यों के लिए 1,034.76 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। शासन से जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के 703 नगरीय निकायों को यह धनराशि आवंटित की गई है। इसमें 16 नगर निगमों को कुल 473.14 करोड़ रुपये मिले हैं। इसी क्रम में मथुरा-वृंदावन नगर निगम के हिस्से 18.12 करोड़ रुपये आए हैं।
नगर निगम को आवंटित इस धनराशि से शहर में विकास कार्यों को गति देने के साथ ही सड़क, नाली, जल निकासी, साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा शहर की बाहरी कॉलोनियों में विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दिए जाने की बात कही गई है।
नगर निकायों को इस प्रकार मिला बजट
शासन की ओर से जारी बजट के विवरण के अनुसार, प्रदेश के 16 नगर निगमों को 473.14 करोड़ रुपये, 14 नगर पालिकाओं को 62.48 करोड़ रुपये और 502 नगर पंचायतों को 338.24 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 24 करोड़ 82 लाख 806 रुपये की अवशेष धनराशि के वितरण का भी उल्लेख किया गया है।
बाहरी कॉलोनियों और बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा जोर
मथुरा-वृंदावन नगर निगम को मिली धनराशि से शहर की 25 बाहरी कॉलोनियों में विकास कार्यों, सीसी सड़कों के निर्माण, जल निकासी व्यवस्था में सुधार तथा स्मार्ट सिटी परियोजना से संबंधित कार्यों पर खर्च किए जाने की बात कही गई है। इन कार्यों से शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बजट खर्च करने में पारदर्शिता के निर्देश
शासन ने सभी नगरीय निकायों को आवंटित धनराशि का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, खर्च से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक माह प्रस्तुत करने को कहा गया है, ताकि विकास कार्यों की निगरानी की जा सके और बजट के उपयोग का विवरण उपलब्ध रहे।


