•विशेष परिस्थितियों को छोड़कर निर्वाचन ड्यूटी से मुक्त करने की संस्तुति पर रोक, राहत देने पर वैकल्पिक कार्मिक की तैनाती अनिवार्य।
मथुरा। विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों, मतदाता सूची पुनरीक्षण और जनगणना सहित अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विशेष एवं अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर निर्वाचन ड्यूटी में तैनात किसी भी शिक्षक, शिक्षिका, शिक्षामित्र या अनुदेशक को ड्यूटी से मुक्त करने की संस्तुति नहीं की जाए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मथुरा से 17 अक्टूबर 2026 को जारी पत्रांक बे0शि0/14847-54/2026-27 के माध्यम से जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देशित किया गया है। आदेश के अनुसार, विधानसभा निर्वाचन-2027 के तहत मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान, जनगणना कार्य तथा अन्य निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन के लिए बीएलओ के रूप में अथवा अन्य कार्यों में लगाए गए शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की ओर से आवंटित ड्यूटी से मुक्त किए जाने के लिए प्रार्थना पत्र दिए जा रहे हैं।
बीएसए रतन कीर्ति ने निर्वाचन कार्यों की महत्ता और निर्धारित समयसीमा को देखते हुए निर्देश दिया है कि ऐसे प्रार्थना पत्रों पर सामान्य परिस्थितियों में ड्यूटी से मुक्त करने की संस्तुति न की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए और सभी संबंधित कार्मिक अपने आवंटित दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि किसी कार्मिक को अत्यंत विशेष परिस्थिति में ड्यूटी से मुक्त करना अपरिहार्य हो, तो संबंधित प्रकरण के तथ्यों का परीक्षण करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, उसके स्थान पर योग्य प्रतिस्थानी कार्मिक की व्यवस्था करना अनिवार्य होगा, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्य प्रभावित न हों।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा अपने अधीनस्थों को आदेश से अवगत कराने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा।
इस आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक, स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी मथुरा, मुख्य विकास अधिकारी मथुरा, शिक्षा निदेशक (बेसिक), सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक शिक्षा) आगरा मंडल सहित संबंधित अधिकारियों एवं कार्यालय अभिलेख के लिए भेजी गई है।


