चिल्ह पुलिस की कार्रवाई से परिवार के चेहरे पर लौटी मुस्कान, सकुशल घर पहुंचने पर परिजनों ने जताया आभार
मीरजापुर। ऑपरेशन मुस्कान के तहत चिल्ह पुलिस ने गुमशुदा 13 वर्षीय बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिला दिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की त्वरित कार्रवाई व संवेदनशीलता की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में चिल्ह पुलिस ने थाना क्षेत्र के निवासी श्रेयश यादव (13) पुत्र शिवशंकर यादव की तलाश की। इस संबंध में थाने में मु0अ0सं0 229/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मुकदमा दर्ज था।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने मीरजापुर पुलिस के प्रति आभार जताया।
बिछड़े बच्चों की सूचना पुलिस को दें
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कोई बच्चा अपने परिजनों से बिछड़ा हुआ या किसी सार्वजनिक स्थान पर अकेला दिखाई दे तो तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा यूपी-112 पर सूचना दें। आपकी एक सूचना किसी परिवार की खुशियां लौटाने में मददगार साबित हो सकती है।


