•सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, पात्र नागरिकों से नाम दर्ज कराने की अपील।
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत आगामी 24 अक्टूबर, शनिवार को जनपद के सभी निर्धारित मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष अभियान की तैयारियों, बूथ स्तर पर की गई व्यवस्थाओं और मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि पात्र नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की सुविधा मिल सके।


