एक नवंबर को होगा खादी फैशन शो, उत्सव में लगेंगी स्वदेशी खादी उत्पादों की 10 स्टॉल
मथुरा। रेलवे ग्राउंड, धौली प्याऊ में आयोजित होने वाले ब्रज रज उत्सव-2026 में इस बार खादी के स्वदेशी उत्पादों और आधुनिक फैशन को बढ़ावा दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से उत्सव में खादी वस्त्रों के प्रचार-प्रसार और बिक्री के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत खादी उत्पादों की 10 स्टॉल लगाई जाएंगी। वहीं, एक नवंबर को खादी फैशन शो का आयोजन होगा।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से आयोजित इस उत्सव के माध्यम से खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड लोगों को स्वदेशी वस्त्र अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। इसके लिए शहर में ‘हर घर खादी, घर-घर खादी’, ‘खादी फॉर फैशन’ और ‘खादी फॉर नेशन’ जैसे संदेशों के साथ होर्डिंग लगाए गए हैं। उत्सव में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड और खादी ग्रामोद्योग आयोग से पंजीकृत संस्थाओं के उत्पाद भी प्रदर्शित एवं बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।
फैशन शो में रैंप पर उतरेंगे मॉडल
बोर्ड की ओर से एक नवंबर को आयोजित होने वाले खादी फैशन शो में आधुनिक डिजाइन के खादी परिधान पहनकर मॉडल रैंप पर उतरेंगे। इसका उद्देश्य खादी को पारंपरिक वस्त्रों से आगे आधुनिक फैशन के रूप में लोकप्रिय बनाना और युवाओं को इससे जोड़ना है।
बोर्ड विशेषज्ञों और फैशन डिजाइनरों को खादी कारीगरों तथा खादी संस्थाओं के साथ जोड़कर उत्पादों की डिजाइन, ब्रांडिंग और विपणन को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम कर रहा है। इसके माध्यम से ‘वोकल फॉर लोकल’ की अवधारणा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
नई पीढ़ी को खादी से जोड़ने की पहल
खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड का उद्देश्य स्वदेशी, प्राकृतिक और पर्यावरण के अनुकूल खादी वस्त्रों के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाना है। महात्मा गांधी के स्वदेशी विचारों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खादी को प्रोत्साहित करने के आह्वान के अनुरूप बोर्ड नई पीढ़ी के बीच खादी की स्वीकार्यता बढ़ाने पर जोर दे रहा है। ब्रज रज उत्सव के माध्यम से खादी को आधुनिक जीवनशैली और फैशन से जोड़ने के साथ स्थानीय कारीगरों एवं खादी संस्थाओं को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।


