मिश्रिख में तीर्थस्थल की बदहाल व्यवस्था पर लोगों में नाराजगी, जिलाधिकारी से जल्द कार्रवाई की मांग
मिश्रिख (सीतापुर)। महर्षि दधीचि कुंड पर लगी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब होने के कारण स्थानीय लोगों और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका को कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक लाइटों की मरम्मत नहीं कराई गई है।
मीडिया टीम के मौके पर पहुंचने पर स्ट्रीट लाइटों की बदहाल स्थिति सामने आई। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार के अवसर पर भी लाइटों की मरम्मत नहीं होना संबंधित अधिकारियों की उदासीनता को दर्शाता है। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार नगर निकायों में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर देती है, लेकिन महर्षि दधीचि कुंड जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है।
लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि आने के बावजूद जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं बदहाल हैं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी से लेकर नगर पालिका प्रशासन तक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच कराने की मांग की।
स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि महर्षि दधीचि कुंड की स्ट्रीट लाइटों की जल्द मरम्मत कराई जाए और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग करेंगे।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और तीर्थस्थल की प्रकाश व्यवस्था कब तक दुरुस्त हो पाती है।


