सड़क पर बेतरतीब खड़े होते हैं ऑटो, स्कूली बच्चों को निकलने में होती है परेशानी; जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख के नहर चौराहे पर जाम की समस्या से राहगीरों और स्थानीय लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि ऑटो चालक सड़क के बीचोंबीच वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को होती है, जिन्हें जाम के बीच से निकलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौराहे के पास पुलिस चौकी होने के बावजूद यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों के अनुसार, इस समस्या से क्षेत्राधिकारी विशाल गुप्ता को भी कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए ड्यूटी में लापरवाही और कथित वसूली की भी जांच कराने की मांग की है।
जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से नहर चौराहे पर यातायात व्यवस्था सुचारु कराने, सड़क पर बेतरतीब खड़े होने वाले ऑटो के खिलाफ कार्रवाई करने और ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नियमित यातायात निगरानी और प्रभावी कार्रवाई से जाम की समस्या दूर हो सकती है तथा स्कूली बच्चों और राहगीरों को राहत मिल सकती है।


