•गंगा के अवतरण से वर्तमान दुर्दशा तक का भावपूर्ण मंचन, यमुना सहित नदियों को स्वच्छ रखने का दिया संदेश।
वृंदावन। नवनिर्मित स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह में शुक्रवार को अभिनेत्री एवं सांसद पद्मश्री हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका ‘गंगा’ के साथ ब्रज-रज उत्सव-2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। नृत्य, संगीत और अभिनय के माध्यम से गंगा के पृथ्वी पर अवतरण से लेकर चार युगों की यात्रा और वर्तमान में प्रदूषण से प्रभावित स्थिति का भावपूर्ण मंचन किया गया। प्रस्तुति के जरिए गंगा की महिमा के साथ नदियों के संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, सांसद तेजवीर सिंह, संत विजय कौशल महाराज, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गणेश वंदना के बाद हेमा मालिनी ने तीन दर्जन से अधिक कलाकारों के साथ नृत्य नाटिका प्रस्तुत की।
भगीरथ की तपस्या और शिव की जटाओं का मंचन
नृत्य नाटिका में राजा भगीरथ की तपस्या, पूर्वजों के उद्धार के लिए गंगा को पृथ्वी पर लाने के उनके संकल्प और भगवान शिव द्वारा गंगा की वेगवती धारा को अपनी जटाओं में धारण करने के प्रसंगों को दर्शाया गया। शास्त्रीय नृत्य की भाव-भंगिमाओं, संगीत और आधुनिक मंचीय तकनीक के माध्यम से गंगा के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को प्रस्तुत किया गया।
प्रस्तुति के एक महत्वपूर्ण हिस्से में गंगा की वर्तमान स्थिति और प्रदूषण की समस्या को उजागर किया गया। भावपूर्ण दृश्यों के जरिए नदियों के प्रति मानवीय लापरवाही के दुष्परिणाम दिखाए गए। साथ ही यमुना सहित अन्य नदियों को स्वच्छ रखने और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण की अपील की गई।
ब्रज की संस्कृति और परंपराओं का उत्सव
मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि ब्रज-रज उत्सव उत्तर भारत के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका ने उत्सव के शुभारंभ को विशिष्ट आयाम दिया। सांसद तेजवीर सिंह ने आयोजन को ब्रज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह के निर्माण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद हेमा मालिनी के योगदान का उल्लेख किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संत विजय कौशल महाराज ने मां गंगा की महिमा का वर्णन किया।
इस अवसर पर संत बलराम दास महाराज, संत गोविंदानंद तीर्थ, डॉ. आदित्यानंद महाराज, श्रीवत्स गोस्वामी, महंत सुंदर दास महाराज, विधायक पूरन प्रकाश, आगरा रेल मंडल के डीआरएम गगन गोयल और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
धौलीप्याऊ में आज से शुरू होंगी अन्य गतिविधियां
ब्रज-रज उत्सव के अंतर्गत इस बार मथुरा के साथ वृंदावन के स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मथुरा के धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में 24 अक्टूबर से उत्सव की अन्य गतिविधियां शुरू होंगी। शनिवार को यहां वंदनाश्री और ईशान मिश्रा की प्रस्तुतियां होंगी।


