•बर्डपुर नं. 10 में आयोजित चौपाल में मतदाता सूची, जनगणना, टीकाकरण और राशन वितरण की भी की समीक्षा।
•ग्राम चौपाल में डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं।
रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। विकास खंड बर्डपुर की ग्राम पंचायत बर्डपुर नं. 10 में शुक्रवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल ‘गांव की समस्या, गांव में समाधान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी लेते हुए उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की।

चौपाल में ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके जिन युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फार्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वाएं। उन्होंने आगामी जनगणना कार्य में प्रगणकों को सहयोग देने, गांव में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने तथा महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि समूहों से जुड़ी महिलाओं को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
डीएम ने राशन वितरण में अनियमितता न होने देने, वरासत के मामलों का समय से निस्तारण करने और भूमि विवाद व पैमाइश से संबंधित शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कराकर पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। जन्म, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों के आवेदनों का निर्धारित समय में निस्तारण किया जाए। साथ ही आपदा राहत और कृषक दुर्घटना बीमा योजना के पात्र लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया जाए।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से गांव की अन्य समस्याओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। इसमें लापरवाही या हीलाहवाली मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी विधिवत संपन्न कराई।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी नौगढ़ निखिल चक्रवर्ती, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, खंड विकास अधिकारी बर्डपुर, ग्राम प्रधान, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


