•जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह के आवास पर सात दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ, सैकड़ों महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा।
रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। स्वर्गीय बलराम सिंह की स्मृति में मिठवल विकासखंड के ग्राम सेमरहना में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ से पूर्व बृहस्पतिवार को भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरती इस यात्रा में भगवा साड़ी पहने सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मंगलगीतों, डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों और प्रभु श्रीराम के जयघोष से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा।
जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह के सेमरहना स्थित आवास पर 30 अक्टूबर से आयोजित श्रीराम कथा के उपलक्ष्य में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर मनिकौरा नानकार स्थित शिव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने जल भरने की धार्मिक परंपरा निभाई। इसके बाद कलश यात्रा पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि श्रीराम कथा के दौरान कथावाचक विजय कौशल जी प्रतिदिन दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम की कथा का रसपान कराएंगे। कथा की पूर्णाहुति पांच नवंबर को होगी।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में श्रीराम कथा में शामिल होकर भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने तथा धर्म एवं आध्यात्मिकता से जुड़कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।
मंगल कलश यात्रा के साथ ही सेमरहना गांव में सात दिवसीय श्रीराम कथा को लेकर उत्सव जैसा माहौल बन गया। श्रद्धालुओं में कथा के शुभारंभ को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।


