•स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
संतकबीरनगर। भारतरत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उपस्थित सैकड़ों लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
वहीं, विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी और मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, कार्यक्रमों और स्वास्थ्य संकेतकों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया ने एजेंडा बिंदुओं के अनुसार विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति और निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों के वर्तमान एवं लंबित भुगतान नियमानुसार जल्द से जल्द सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। आयुष्मान भारत योजना के गोल्डन कार्ड के संबंध में संबंधित पोर्टल पर केवाईसी नहीं कराने वाले लाभार्थियों के डाटा को नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं, एचबीएनसी कार्यक्रम के अंतर्गत सभी बीसीपीएम को नियमित रूप से निर्धारित सपोर्टिव सुपरविजन करने को कहा गया।
इसके अलावा परिवार कल्याण कार्यक्रम, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए संबंधित नोडल अधिकारियों को प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जिला क्षय रोग समिति, संचारी रोग नियंत्रण, रेबीज टीकाकरण और स्नेक बाइट वैक्सीन की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सालयों में चिकित्सकों एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उनके परिणामों की नियमित और सतर्क मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के प्रतिनिधि, चिकित्सालयों के एमओआईसी, चिकित्सक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


