मुस्लिम नेतृत्व को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं सरकारें, आजम खां को निष्पक्ष न्याय दिलाने की मांग
मथुरा। वंचित समाज इंसाफ पार्टी (वीआईपी पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख ने कहा कि पार्टी हर परिस्थिति में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां और उनके परिवार के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में मुस्लिम नेताओं और मुस्लिम नेतृत्व को राजनीतिक रूप से कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आजम खां को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।
डॉ. शेख ने कहा कि आजम खां के खिलाफ की जा रही कार्रवाई से कई सवाल खड़े होते हैं। लोकतंत्र में असहमति को अपराध नहीं बनाया जा सकता। संविधान से ऊपर कोई भी संस्था या व्यक्ति नहीं है। उन्होंने मांग की कि आजम खां की गिरफ्तारी के कानूनी आधार और उससे जुड़ी परिस्थितियों को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया जाए।
उन्होंने कहा कि देश का लोकतंत्र खतरे में है और शासन-प्रशासन को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए। न्याय व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखना सरकार और सभी संवैधानिक संस्थाओं की नैतिक जिम्मेदारी है। आजम खां को निष्पक्ष न्याय मिलना चाहिए तथा उनकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नासिर खान ने कहा कि आजम खां को न्यायालय से सजा मिलने और विधानसभा की सदस्यता समाप्त होने से पार्टी दुखी है। उन्होंने घोषणा की कि वीआईपी पार्टी आजम खां के परिवार के सदस्यों को आगामी चुनावों में समर्थन देगी। राजनीतिक सहयोग के लिए पार्टी तन, मन और धन से उनके परिवार के साथ खड़ी रहेगी।


