– भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया
-बाजारों और बस अड्डों पर रही चहल-पहल,सड़कों पर पसरा जाम
मुरादाबाद। जनपद के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में भाई बहन के अटूट प्रेम और पारंपरिक रीति रिवाज का पर्व भैया दूज हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वही भैया दूज के चलते ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर जहां-तहां बहनों को जाम के हालातों से जूझना पड़ा। महानगर, नगरीय क्षेत्र ठाकुरद्वारा सहित कस्बा बहेड़ी ब्रह्मनान, हिमाँयुपुर, धारकनंगला, मनकुआ मकसूदपुर, कालाझांडा आदि क्षेत्रों में भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक भैया दूज का पर्व हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर बहनों ने स्नान-ध्यान के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने भाईयों के माथे पर रोली ,कुमकुम एवं अक्षत का तिलक लगाकर, मिष्ठान एवं नारियल आदि भेंट कर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना की। वहीं, भाईयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें अपनी सामर्थ्य के अनुसार वस्त्र, आभूषण और अन्य उपहार भेंट किए। पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक दिखाई दी। मिठाई, मेवे और उपहारों की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
वहीं, रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर अपने भाईयों के घर जाने वाली महिलाओं की काफी गहमागहमी देखने को मिली। दूर-दराज से आने वाली बहनों के स्वागत के लिए घरों में तरह-तरह के पकवान और मिठाइयां तैयार की गईं। दिनभर चले इस उत्सव के दौरान चारों ओर खुशियों का माहौल बना रहा।
भैया दूज के पर्व ने एक बार फिर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते में स्नेह, विश्वास और अपनत्व की मिठास को और गहरा कर दिया।


