लखनऊ। राजधानी के तालकटोरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मकान में घुसकर आभूषण और नकदी चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नशे का आदी बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक उसने अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी की नकदी नशे में खर्च करने के बाद उसने आभूषण अपने पास रखे और कुछ अपने साथी को दे दिए थे। दोनों की योजना चोरी के आभूषण बेचकर रकम आपस में बांटने की थी।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को तालकटोरा थाने की पुलिस टीम चोरी के एक मुकदमे में माल-मुल्जिमों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आलमनगर रेलवे स्टेशन के पास वाहन पार्किंग रोड से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान अवनीश तिवारी उर्फ नमन तिवारी (26) निवासी पुराना चबूतरा, सआदतगंज और पुष्कर रस्तोगी (21) निवासी चूड़ी वाली गली, चौक के रूप में हुई।
पुलिस की पूछताछ और बरामदगी के दौरान राजाजीपुरम के सी-ब्लॉक, सेक्टर-13 में 26 और 27 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि को हुई चोरी की घटना का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, अवनीश ने बताया कि वह नशे का आदी है। 26/27 सितंबर की रात वह राजाजीपुरम इलाके में घूम रहा था। इसी दौरान उसे एक मकान की ऊपर लगी कुंडी खुली होने का मौका मिला। वह कुंडी खोलकर मकान के अंदर दाखिल हो गया और कमरे में रखी अलमारी से आभूषण तथा नकदी से भरा बैग चोरी कर लिया। चोरी की रकम उसने अपनी नशे की लत पूरी करने में खर्च कर दी, जबकि कुछ आभूषण अपने पास रख लिए और बाकी अपने साथी पुष्कर रस्तोगी को रखने के लिए दे दिए।
पुलिस के मुताबिक, पुष्कर ने पूछताछ में बताया कि अवनीश ने उसे चोरी के आभूषण सुरक्षित रखने के साथ ही चौक स्थित सुनार की दुकान पर उनकी जांच कराने और बेचने के लिए दिए थे। दोनों ने आभूषण बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांटने की योजना बनाई थी। पुलिस ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज का मिलान अवनीश के हुलिए से कराया, जो मेल खाता पाया गया। इसके बाद बरामद आभूषणों की पहचान भी संबंधित मुकदमे की चोरी की संपत्ति के रूप में हुई।पुलिस ने अवनीश तिवारी के कब्जे से पीली धातु के दो मंगलसूत्र के लॉकेट और एक जोड़ी कान के झाले बरामद किए हैं।
वहीं पुष्कर रस्तोगी के पास से पीली धातु का एक मांग टीका, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल और बच्चों के एक जोड़ी कंगन मिले हैं। इसके अलावा दोनों आरोपियों की तलाशी में कुल 900 रुपये नकद और ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बरामदगी के आधार पर तालकटोरा थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 211/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अवनीश तिवारी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में वर्ष 2019 से 2025 तक चोरी, लूट, एनडीपीएस अधिनियम और अन्य आपराधिक मामलों सहित कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार, उपनिरीक्षक संदीप जायसवाल, मुख्य आरक्षी आनंद मणि सिंह, आरक्षी नवीन प्रताप सिंह और आरक्षी बलवंत कुमार शामिल रहे।


