•बाद प्राथमिक विद्यालय के बच्चों की उपलब्धि पर बीएसए रतन कीर्ति ने जताई खुशी, शिक्षकों को भी किया प्रेरित
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। बाल दिवस के अवसर पर मथुरा के प्राथमिक विद्यालय बाद के चार बच्चों ने राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ा है। बच्चों की इस उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बीएसए रतन कीर्ति ने कहा कि जनपद के सभी शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए इसी तरह प्रयास करें, जिस तरह प्राथमिक विद्यालय बाद के शिक्षकों ने मेहनत और समर्पण से बच्चों को राष्ट्रपति से मुलाकात का अवसर दिलाया।
उन्होंने कहा कि यह पूरे शिक्षा विभाग के लिए गर्व और खुशी की बात है। प्राथमिक विद्यालय बाद ने जनपद के साथ ही उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
राष्ट्रपति भवन पहुंचने वाले बच्चों में कक्षा पांच की अनसूया, दीक्षा, नरेंद्र कुमार तथा कक्षा चार की भावना शामिल रहीं। उनके साथ विद्यालय की शिक्षिकाएं नीरज मथुरिया और कुसुम रानी भी मौजूद रहीं।
राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर बच्चों की सुरक्षा जांच के बाद कल्चरल हॉल में सम्मानपूर्वक बैठने की व्यवस्था की गई और उन्हें नाश्ता कराया गया। वहां आयोजित सांस्कृतिक गतिविधियों एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बच्चों ने प्रतिभाग किया और पुरस्कार भी जीते। राष्ट्रपति के आगमन पर राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बच्चों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की।
इस दौरान राष्ट्रपति ने मथुरा से आई दीक्षा से उसके विद्यालय के बारे में पूछा। दीक्षा ने बताया कि वह प्राथमिक विद्यालय बाद, मथुरा से आई है। इस पर राष्ट्रपति ने मुस्कुराते हुए कहा कि तुम कान्हा की नगरी से आई हो, जहां कृष्ण जन्मभूमि है। राष्ट्रपति से इस आत्मीय संवाद ने बच्चों की खुशी दोगुनी कर दी।
बच्चों ने राष्ट्रपति भवन स्थित संग्रहालय और पुस्तकालय का भी भ्रमण किया।
कार्यक्रम के अंत में उन्हें उपहार एवं भोजन दिया गया। इस उपलब्धि की जानकारी गांव पहुंचते ही बाद में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे गांव और विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि इस सफलता से अब गांव के अन्य बच्चे भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित होंगे।


