•राधारानी ब्रजयात्रा का मथुरा में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ भव्य स्वागत, हजारों यात्रियों को कराया बालभोग
मथुरा। रावल से चलकर राधारानी ब्रजयात्रा के मथुरा पहुंचने पर जहां ब्रजवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया, वहीं यमुना की बदहाल स्थिति और बढ़ती मलिनता को लेकर लोगों का दर्द और आक्रोश भी खुलकर सामने आया। स्वागत के दौरान मथुरा के लोगों ने यमुना महारानी की निर्मलता और अविरलता के लिए पद्मश्री संत रमेश बाबा महाराज के संकल्प को याद करते हुए उसे पूरा करने का दृढ़ संकल्प दोहराया।
यमुना पुल पार करते ही माधव मुस्कान होटल, उमा मेडिकल, होली दरवाजा, रंगेश्वर महादेव, सौंख अड्डा, डैंपियर नगर, महोली रोड और दीपनगर सहित विभिन्न स्थानों पर ब्रजवासियों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। स्वागतकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर सड़कों को फूलों से पाट दिया और ब्रजयात्रियों को बालभोग कराकर सेवा की। मथुरा वासियों का आतिथ्य स्वीकार करते हुए समस्त ब्रजयात्री मधुवन स्थित अपने पड़ाव स्थल पर पहुंचे।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने यमुना की वर्तमान दशा पर गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि यमुना महारानी ही नहीं, बल्कि संपूर्ण ब्रजभूमि के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले पद्मश्री संत रमेश बाबा महाराज का सपना यमुना को अविरल और निर्मल देखना था। इसके लिए उन्होंने लंबे समय तक संघर्ष किया। आज यमुना की दुर्दशा देखकर प्रत्येक ब्रजवासी व्यथित है। लोगों ने कहा कि बाबा महाराज के संकल्प को पूरा करना हम सभी का दायित्व है। इसके लिए आवश्यकता पड़ी तो प्राणों की आहुति देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
मथुरा में यात्रा की अगुवाई करने वालों में रामगोपाल शर्मा, राकेश तिवारी, संजय हरियाणा, प्रयागनाथ चतुर्वेदी, अजय चतुर्वेदी, श्याम शर्मा, आशीष शर्मा, पंकज चतुर्वेदी और श्याम चतुर्वेदी सहित अनेक सहयोगी शामिल रहे।
दीपनगर में आरती कर हजारों ब्रजयात्रियों की सेवा
महोली रोड स्थित दीपनगर में स्थानीय निवासियों ने विशेष श्रद्धाभाव के साथ ठाकुर श्री बिहारी जी की आरती उतारी और हलवे का भोग लगाया। इसके बाद हजारों ब्रजयात्रियों को हलवा, फल और जल वितरित कर उनकी सेवा की। इस सेवा आयोजन में पूर्व प्राचार्य रमेश चंद्र गोस्वामी, प्रहलाद कौशिक, दीपक शर्मा, विकास उपाध्याय, विनोद शर्मा, रेखा कौशिक, कृति उपाध्याय, सीमा गोस्वामी, खुशी शर्मा, रसिका गोस्वामी और नंदकुमार गोस्वामी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


