रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। थाना जमुनापार क्षेत्र की रसखान नगरी में धोबी घाट के सामने गोरिया मठ रोड पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। मिट्टी से भरे डंपर की चपेट में आने से स्प्लेंडर बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
रसखान नगरी में पिछले तीन-चार दिनों से लगातार मिट्टी खनन का काम चलने का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रातभर मिट्टी से भरे डंपरों का आवागमन होता रहता है, जिसके चलते लोग चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। आज एक स्प्लेंडर बाइक को डंपर ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह है कि हादसे में किसी बड़ी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर रसखान नगरी में चल रहे मिट्टी खनन और भारी वाहनों के आवागमन पर पुलिस प्रशासन कब अंकुश लगाएगा? अब देखना होगा कि शिकायत के बाद प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।


