•भारतीय सांस्कृतिक समाज के आयोजन में उमड़े श्रद्धालु, छठी मईया के पारंपरिक गीतों से गूंजा घाट।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ भारतीय सांस्कृतिक समाज की ओर से कोयला घाट पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। चार दिवसीय छठ अनुष्ठान के अंतिम दो दिनों में व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। घाट पर छठी मईया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
छठ पर्व की विशेषता इसकी कठिन साधना, पवित्रता और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने की परंपरा है। चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना पर व्रती महिलाएं खीर का प्रसाद तैयार करती हैं। तीसरे दिन डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का समापन होता है।
इस पर्व में दूध, चावल, गेहूं, सूप, फल-फूल, नारियल, गन्ना और दीपक जैसी प्राकृतिक एवं पारंपरिक सामग्रियों का विशेष महत्व है। छठ पूजा की एक खास विशेषता यह भी है कि इसमें किसी पुरोहित की अनिवार्यता नहीं होती। व्रती स्वयं पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं। इस दौरान छठी मईया और सूर्यदेव को समर्पित पारंपरिक लोकगीत सामूहिक रूप से गाए जाते हैं।
भारतीय सांस्कृतिक समाज के मीडिया प्रभारी शशि भूषण दुबे ने बताया कि छठ पर्व सामाजिक समरसता, पारिवारिक एकता और आपसी सहयोग का प्रतीक है। नौकरी और व्यवसाय के सिलसिले में अलग-अलग स्थानों पर रहने वाले परिवार के सदस्य इस अवसर पर एक साथ जुटते हैं। इससे पारिवारिक रिश्तों में आत्मीयता और मजबूती आती है। उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद से ही छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो जाती हैं और पूजा में किसी प्रकार की कमी न रह जाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाता है।
सुमन दुबे और अनीता पाठक ने बताया कि छठी मईया की पूजा संतान की सुख-समृद्धि, सुहाग की रक्षा और परिवार में सुख-शांति की कामना के लिए की जाती है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि सच्चे मन से की गई पूजा और मनौती छठी मईया अवश्य पूरी करती हैं। पर्व के अवसर पर घरों में ठेकुआ, पूड़ी सहित विभिन्न प्रसाद तैयार किए गए। सिजनी फल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री से छठी मईया की आराधना की गई।
कार्यक्रम में शशि भूषण दुबे, महेश शर्मा, एसएन दुबे, नंद किशोर शाह, भारत महतो, राधा सिंह, प्रेमचंद गुप्ता, कमलेश्वर पाठक, राहुल राजपूत, दीपांशु पाठक, शिवांश, संजय, सुधीर शर्मा, जेपी सिंह, नितेश, पीयूष, रविकांत, योगेश यादव सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।


