•मोबाइल पर बात करते और रील बनाते 13 चालक पकड़े गए, परिवहन विभाग ने चलाया सघन चेकिंग अभियान
मथुरा। प्रदेशभर में चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत बुधवार को अभियान के तीसरे दिन मथुरा में परिवहन विभाग ने अनधिकृत बसों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 17 बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर दो बसों को सीज कर संबंधित थानों और चौकियों की अभिरक्षा में दे दिया गया। वहीं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले 13 चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन एवं परिवहन आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश राजपूत ने किया। अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सतेंद्र कुमार सिंह, यात्रीकर अधिकारी संदीप चौधरी और पूजा सिंह शामिल रहे।
प्रवर्तन दलों ने जनपद से गुजरने वाले प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों, यमुना एक्सप्रेसवे, अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय सीमाओं तथा मुख्य मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की। अन्य प्रांतों से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाली बसों को जीरो प्वाइंट पर रोककर उनके परमिट, फिटनेस, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। दस्तावेजों में कमी और यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 17 बसों के चालान किए गए। वहीं, वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर पाने और अनधिकृत संचालन के चलते दो बसों को तत्काल सीज कर दिया गया।
मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले 13 चालकों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने और सोशल मीडिया के लिए रील बनाने जैसी खतरनाक गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। चेकिंग में मोबाइल फोन का प्रयोग करते मिले 13 चालकों के चालान किए गए। अधिकारियों ने चालकों और यात्रियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकता है।
वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश राजपूत ने बस संचालकों, ट्रांसपोर्टरों और वाहन स्वामियों को निर्देश दिया कि वैध परमिट, फिटनेस और सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे होने पर ही वाहनों का संचालन करें। यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी केवल पंजीकृत एवं वैध बसों में यात्रा करने की अपील की।
कोहरे में सावधानी बरतने के दिए निर्देश
अभियान के दौरान वाहन स्वामियों और चालकों को वाहनों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य रूप से लगाने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि कोहरे और रात के समय रिफ्लेक्टिव टेप नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। बस चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने, आपातकालीन निकास द्वार खुला रखने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के निर्देश दिए गए।
लंबी दूरी के वाहन संचालन को लेकर चालकों को हर आधे घंटे में पानी पीने, एक वाहन में दो चालक रखने तथा किसी भी चालक से प्रतिदिन आठ घंटे से अधिक काम न लेने की सलाह दी गई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


