•बार-बार खराब हो रही थी स्कूटी, कर्मचारियों पर शिकायत अनसुनी करने का आरोप; दमकल की गाड़ी ने आग पर पाया काबू
मथुरा। ओला कंपनी की स्कूटी में बार-बार आ रही खराबी और सर्विस सेंटर पर शिकायत का समाधान नहीं होने से नाराज एक युवक ने मंगलवार शाम सौंख रोड स्थित राधिका विहार के सामने ओला सर्विस सेंटर के बाहर अपनी स्कूटी में आग लगा दी। देखते ही देखते स्कूटी आग की लपटों से घिर गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, युवक ने ओला कंपनी की स्कूटी खरीदी थी। स्कूटी में लगातार खराबी आने के कारण वह काफी समय से परेशान था। मंगलवार शाम को वह अपनी समस्या लेकर सौंख रोड स्थित राधिका विहार के सामने बने ओला सर्विस सेंटर पर पहुंचा। यहां उसने कंपनी के कर्मचारियों से स्कूटी में बार-बार आ रही तकनीकी खराबी की शिकायत की और समस्या का समाधान करने की मांग की।
आरोप है कि कर्मचारियों ने युवक की शिकायत पर गंभीरता नहीं दिखाई और उसकी समस्या का समाधान नहीं किया। इससे युवक नाराज हो गया। गुस्से में आकर उसने सर्विस सेंटर के सामने ही अपनी स्कूटी पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। कुछ ही देर में स्कूटी धू-धूकर जलने लगी। आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद स्कूटी में लगी आग पर काबू पाया। इस दौरान कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी जुटाई।
फायर सर्विस कंट्रोल के अनुसार, ओला सर्विस सेंटर के सामने स्कूटी में आग लगाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर तत्काल दमकल की गाड़ी भेजी गई। दमकलकर्मियों ने आग बुझा दी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों के बीच चर्चा होती रही।


