•बीएसए रतन कीर्ति ने पूर्व आदेश में किया संशोधन, विद्यालयों में पढ़ाई सुचारु रखने के लिए रोस्टर बनाने के निर्देश।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जनगणना कार्य में प्रगणक एवं सुपरवाइजर के रूप में नामित शिक्षकों को अब कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा। उन्हें विद्यालय में शिक्षण कार्य के साथ ही जनगणना की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए इस संबंध में नया आदेश जारी किया है।
बीएसए की ओर से 20 नवंबर को जारी संशोधन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जनगणना कार्य के लिए नामित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य संबंधित कर्मचारी अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए आवंटित जनगणना कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करेंगे। दोनों कार्यों के बीच समन्वय स्थापित कर जिम्मेदारियों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करना होगा।
आदेश में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। साथ ही विद्यालय में उपलब्ध शिक्षकों की संख्या और विषयवार उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए रोस्टर तैयार करें, ताकि कक्षाओं का नियमित संचालन होता रहे और छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो।
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड के संबंधित विद्यालयों एवं नामित कार्मिकों को संशोधित निर्देशों से अवगत कराने तथा उनका अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जनगणना और शिक्षण कार्य के बीच उचित तालमेल बनाए रखते हुए दोनों जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया जाए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने चेतावनी दी है कि आदेश के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक व्यवधान स्वीकार नहीं किया जाएगा।


