•सात तहसीलों में लगा संपूर्ण समाधान दिवस, 437 शिकायतों में 60 का मौके पर निस्तारण
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जिले की सभी सात तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील सिधौली में जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें एक-एक कर सुनी गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने पर जोर देते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करें और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
तहसील सिधौली में कुल 161 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 18 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसी प्रकार तहसील सदर में 35 शिकायतों में से पांच, महोली में 26 में से तीन, बिसवां में 51 में से सात, महमूदाबाद में 60 में से 15, मिश्रिख में 47 में से छह तथा लहरपुर में 57 शिकायतों में से छह का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस प्रकार जिले की सातों तहसीलों में कुल 437 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 60 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखरंजन समद्दर, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सिधौली अवनीश कुमार, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


