•वर्मी कंपोस्ट की बिक्री के लिए मार्केट लिंकेज विकसित करने के निर्देश, ‘महराजा’ ब्रांड से बनेगा गोमूत्र का कीटनाशक
रिपोर्ट: सुनील पाण्डेय।
महराजगंज। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने शनिवार को गोसदन मधवलिया का निरीक्षण कर गोवंशों के संरक्षण, देखभाल और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने पशु शेड, बीमार पशुओं के लिए बनाए गए शेड, वर्मी कंपोस्ट उत्पादन इकाई, गोबर गैस प्लांट और हरे चारे की उपलब्धता का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद ने बताया कि गोसदन में कुल 738 गोवंश संरक्षित हैं। इनमें 582 नंदी और 156 गायें शामिल हैं। गोवंशों के लिए 1033 कुंतल भूसा, 134 कुंतल पशु आहार और 24 कुंतल साइलेज उपलब्ध है। हरे चारे की नियमित आपूर्ति के लिए छह स्थानीय किसानों से अनुबंध किया गया है, जिनके माध्यम से वर्तमान में हरे गन्ने की आपूर्ति की जा रही है।
इस दौरान गोसदन में ‘महराजा’ ब्रांड नाम से गोमूत्र से निर्मित कीटनाशक एक किसान को भेंट किया गया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि फिलहाल इसका निर्माण ट्रायल के तौर पर किया जा रहा है। जल्द ही वाणिज्यिक स्तर पर उत्पादन शुरू किया जाएगा। डीएम ने इस योजना से महिला स्वयं सहायता समूहों को भी जोड़ने का निर्देश दिया, ताकि महिलाओं को आजीविका के नए अवसर मिल सकें।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि गोसदन में तीन स्थायी शेड के निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। इस पर डीएम ने कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने तथा निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने गोवंशों को गुड़, केला और चना खिलाया तथा विधिवत पूजन कर उनके संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद, खंड विकास अधिकारी निचलौल संतोष कुमार यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


