मथुरा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के आह्वान पर रविवार को मथुरा जनपद के ग्राम दामोदरपुरा में आयोजित सामाजिक न्याय एवं भागीदारी सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही। मथुरा सहित आसपास के क्षेत्रों से पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित वर्गों के लोगों के साथ युवा, किसान, मजदूर, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे। इस दौरान संविधान की रक्षा, जातिगत जनगणना, आरक्षण, सामाजिक समानता और आबादी के अनुपात में राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार दिया है, लेकिन आज संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। सामाजिक न्याय की लड़ाई किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई है। कांग्रेस बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों पर चलते हुए दलित, पिछड़े और वंचित समाज को उनके संवैधानिक अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि जब तक सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में भागीदारी नहीं मिलेगी, तब तक वास्तविक सामाजिक न्याय की स्थापना संभव नहीं है।
कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद ने कहा कि देश की सत्ता, संसाधनों और निर्णय प्रक्रिया में पिछड़े समाज की वास्तविक भागीदारी सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। जातिगत जनगणना सामाजिक न्याय की दिशा में पहला और जरूरी कदम है। इससे विभिन्न सामाजिक वर्गों की वास्तविक आबादी और शिक्षा, रोजगार, राजनीति तथा आर्थिक संसाधनों में उनके प्रतिनिधित्व की स्थिति स्पष्ट होगी।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सामाजिक न्याय और भागीदारी की जिस लड़ाई को राष्ट्रीय विमर्श बनाया है, कांग्रेस उसे गांव-गांव तक पहुंचाएगी। मथुरा में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि समाज अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रहा है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने कहा कि मथुरा की धरती से उठी सामाजिक न्याय की आवाज पूरे बृज क्षेत्र में नई राजनीतिक चेतना पैदा करेगी। पार्टी का प्रयास है कि पिछड़े, दलित, किसान, मजदूर और नौजवानों को केवल चुनावी भागीदारी तक सीमित न रखा जाए, बल्कि संगठन की जिम्मेदारियों और राजनीतिक निर्णयों में भी उन्हें उचित स्थान मिले। कांग्रेस कार्यकर्ता इस अभियान को प्रत्येक गांव और बूथ तक पहुंचाएंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब प्रभारी राजकुमार मौर्य ने कहा कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने के लिए सभी वंचित वर्गों को एकजुट होना होगा। बेरोजगारी, महंगाई तथा शिक्षा और रोजगार में असमानता जैसे गंभीर सवालों का समाधान तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को बराबरी का अवसर और सम्मानजनक प्रतिनिधित्व मिले। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी और पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि वर्ष 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, रोजगार, आरक्षण और जनता के अधिकारों के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और इसमें पिछड़े, दलित, गरीब, किसान, मजदूर तथा नौजवानों की अहम भूमिका होगी। कांग्रेस इन सभी वर्गों को साथ लेकर मजबूत और जनहितकारी विकल्प तैयार कर रही है।
कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि सम्मेलन की सफलता ने साबित किया है कि पिछड़ा समाज अपने अधिकारों, सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी के सवाल पर एकजुट हो रहा है। ओबीसी विभाग प्रदेश के प्रत्येक जनपद में सामाजिक न्याय और भागीदारी का संदेश पहुंचाएगा। पिछड़े समाज को उसकी आबादी के अनुपात में अधिकार और प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि दामोदरपुरा में उमड़ा जनसमूह इस बात का संकेत है कि प्रदेश का पिछड़ा, दलित और वंचित समाज अपने अधिकारों, सम्मान और सत्ता में भागीदारी के सवाल पर निर्णायक भूमिका निभाने के लिए तैयार है। अयोध्या के बाद मथुरा की धरती से सामाजिक न्याय की राजनीति को नई ऊर्जा मिली है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संविधान, जातिगत जनगणना, आरक्षण और आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी की लड़ाई लड़ रही है, जिसे जनता का समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश में राजनीतिक बदलाव की नींव सामाजिक न्याय और सभी वर्गों की सम्मानजनक भागीदारी से रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि उन लोगों की आवाज है, जो लंबे समय से अपने अधिकारों और प्रतिनिधित्व की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस का लक्ष्य है कि पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित समाज के युवाओं को शिक्षा, रोजगार, संगठन और सत्ता में उचित स्थान मिले। मथुरा से उठा यह संदेश पूरे प्रदेश में सामाजिक न्याय की नई राजनीतिक चेतना का आधार बनेगा।
जिला कांग्रेस कमेटी मथुरा के अध्यक्ष मुकेश धनगर ने सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों, सामाजिक संगठनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी ने जिस उत्साह के साथ भागीदारी की है, वह संगठन के लिए उत्साहजनक है।
सम्मेलन में उपस्थित लोगों ने संविधान की रक्षा, जातिगत जनगणना, आरक्षण व्यवस्था को मजबूत करने, शिक्षा एवं रोजगार में समान अवसर देने और सभी सामाजिक वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में राजनीतिक तथा आर्थिक भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि ने किया।
सम्मेलन में शिवदत्त चतुर्वेदी, रमेश कश्यप, मनोज गौड़, पंकज चौधरी, सरवन अहमद, केके गौतम, उमेश शर्मा, आदित्य तिवारी, राजन पाठक, बलवीर प्रधान, राजा गौतम, अशोक निषाद, करन निषाद, रवि वाल्मीकि, हाशिम हुमैर, संदीप चौधरी, कीर्ति कौशिक, आशीष अग्रवाल, धर्मेंद्र सिंह प्रधान, अमित दीक्षित, दीपक दीक्षित, धीरज शर्मा, लक्ष्मी नारायण, रूपेश धनगर, श्याम चौधरी, रूपा लवानिया, गीत दिवाकर, राशिद खान, उमाशंकर शर्मा, महेश चौबे, भूरी सिंह, मास्टर प्रताप सिंह, मोहन नेताजी, दीपक सिंह, भगवान सिंह, अशोक सिंह, अब्दुल जब्बार, आसिफ कुरैशी, मानवेंद्र पांडव, प्रवीण भास्कर, प्रवीण ठाकुर, हर्ष चौरसिया, पीयूष अग्रवाल, मोनू निषाद, डॉ. डी.डी. गर्ग, विवेक कुमार, राजेश कुमार, कमल सागर, विजय लोधी, नरेंद्र गुर्जर, मुस्लिम कुरैशी, अशोक सैनी, निशू यादव, अजय कुमार सोनू, तस्वीर चौधरी, भगवान सिंह निषाद, अनिल खरे, रामवीर चौधरी, भगवान देवी और काशन रिजवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


