लखनऊ। जानकीपुरम स्थित लोटस पोर्टिको ओरो सिटी के पास मिले दीपक कुमार कश्यप के शव की हत्या का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश मृतक की पत्नी ज्योति ने अपने परिचित मनोज के साथ मिलकर रची थी। वारदात में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने ज्योति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका कथित साथी मनोज अभी फरार है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को लोटस पोर्टिको ओरो सिटी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। बाद में उसकी पहचान सीतापुर के महमूदाबाद क्षेत्र निवासी दीपक कुमार कश्यप के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर जानकीपुरम थाने में ज्योति कश्यप और अन्य के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने तथा आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी उत्तरी की स्वाट एवं सर्विलांस टीम और जानकीपुरम पुलिस की संयुक्त टीम को खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी गई।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मोबाइल सर्विलांस के साथ अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों का विश्लेषण करने के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी ज्योति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने मनोज के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, ज्योति ने पूछताछ में बताया कि उसकी वर्ष 2023 में दीपक से शादी हुई थी। दोनों के पहले से बच्चे थे और शादी के बाद वे परिवार के साथ गुडंबा क्षेत्र में रह रहे थे। करीब डेढ़ वर्ष पहले दीपक और ज्योति अलीगंज स्थित एक निजी स्कूल में नौकरी करने लगे थे। इसके बाद वे स्कूल के पास किराये के कमरे में रहने लगे। ज्योति का आरोप है कि इस दौरान दीपक का व्यवहार बदल गया था और वह शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। इसी दौरान ज्योति की मुलाकात दीपक के परिचित मनोज से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
पुलिस के अनुसार, ज्योति ने पूछताछ में यह भी आरोप लगाया कि दीपक उसके साथ दुर्व्यवहार करता था। करीब 15 दिन पहले उसने अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ भी अनुचित व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया। इसके बाद उसने अपनी परेशानी मनोज को बताई और दोनों ने कथित तौर पर दीपक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर की रात दीपक के शराब पीने के बाद ज्योति ने तबीयत खराब होने और डॉक्टर के पास जाने की बात कही। इसके लिए उसने मनोज को फोन कर बुलाया। मनोज मोटरसाइकिल से पहुंचा और तीनों वहां से निकले। आरोप है कि ओरो सिटी के पास ज्योति ने उल्टी करने के बहाने मोटरसाइकिल रुकवाई। इसके बाद मनोज और दीपक बातचीत कर रहे थे, तभी पीछे से ईंट से दीपक के सिर पर वार किया गया।
पुलिस का दावा है कि इसके बाद उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर और गला दबाकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद दोनों मौके से चले गए।पुलिस ने बताया कि संयुक्त टीम ने ज्योति को छुईयापुरवा ठेके के पास सड़क किनारे एक पेड़ के पीछे से सुबह करीब 8:10 बजे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिला की उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है।
मामले में नामजद दूसरा आरोपी मनोज सीतापुर का रहने वाला है और वर्तमान में लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र में रह रहा था। वह अलीगंज स्थित स्कूल में वैन चालक के रूप में काम करता था। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तार महिला को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में डीसीपी उत्तरी की स्वाट एवं सर्विलांस टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार और जानकीपुरम थाना प्रभारी विनोद कुमार तिवारी के नेतृत्व में दोनों टीमों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

