रुद्रप्रयाग। जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे संध्याकालीन सघन चेकिंग अभियान के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कोतवाली ऊखीमठ क्षेत्र के काकड़ागाड़ बैरियर पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने अवैध शराब का परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार महिला उपनिरीक्षक पूजा रावत एवं उनकी टीम मंगलवार को काकड़ागाड़ बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उसके पास से 28 हाफ अवैध शराब बरामद हुई।
अवैध रूप से शराब का परिवहन किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी हर गोविंद पुत्र गजपाल राम, निवासी ग्राम एवं पोस्ट बस्ती, कोतवाली अगस्त्यमुनि, जनपद रुद्रप्रयाग के खिलाफ कोतवाली ऊखीमठ में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि जनपद में अवैध शराब तस्करी और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।