लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के आयोजन के चलते लखनऊ में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को कक्षा एक से 12 तक के सभी बोर्डों के विद्यालयों में एक दिवसीय शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा।जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडेय ने 29 अक्टूबर को जारी आदेश में सभी विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि वे आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी के 28 अक्टूबर के अनुमोदन के बाद यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की पीईटी-2026 परीक्षा लखनऊ के 45 केंद्रों पर 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में करीब 20 हजार अभ्यर्थियों के आने की संभावना है। उनके साथ अभिभावकों के भी पहुंचने से शहर में भीड़ बढ़ने की आशंका है।कार्मिक अनुभाग-3, उत्तर प्रदेश शासन के एक अक्टूबर 2026 के शासनादेश के अनुपालन में परीक्षा वाले जिलों में 30 अक्टूबर को एक दिवसीय शैक्षणिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया है।
इसी क्रम में लखनऊ के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि आदेश की प्रामाणिकता जनपद की आधिकारिक वेबसाइट https://lucknow.nic.in पर देखी जा सकती है।


