आरपीएफ की सतर्कता से रेल संपत्ति चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चार लावारिस बच्चों और दो यात्रियों की बचाई जान।

Spread the love

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रेल संपत्ति की सुरक्षा, यात्रियों की सहायता और मानव तस्करी रोकथाम अभियान के तहत एक बार फिर सराहनीय कार्य करते हुए चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया तथा लावारिस मिले बच्चों एवं संकट में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बचाया।

आरपीएफ पीलीभीत एवं अपराध आसूचना शाखा इज्जतनगर की संयुक्त टीम ने 10 जून को पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर निगरानी के दौरान एक शातिर चोर को रेल संपत्ति की कॉपर वायर काटते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।

वहीं, बचपन बचाओ अभियान के तहत विभिन्न स्टेशनों पर मिले चार लावारिस बच्चों को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया गया। बहराइच रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर 14 वर्षीय बालक, बलरामपुर स्टेशन पर 13 वर्षीय बालिका तथा बुढ़वल स्टेशन पर 7 एवं 10 वर्ष के दो बालक लावारिस अवस्था में मिले। पूछताछ के बाद सभी बच्चों को संबंधित चाइल्ड लाइन संस्थाओं के सुपुर्द कर दिया गया।

इसी क्रम में यात्रियों की सुरक्षा के क्षेत्र में भी आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई की। दुरौंधा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 75204 में चढ़ने के दौरान फिसलकर गिर रही 65 वर्षीय महिला को आरपीएफ कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बचा लिया।

इसके अलावा बनारस रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी और अपराध आसूचना शाखा वाराणसी की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर ट्रेन संख्या 15138 के सामने आत्महत्या के उद्देश्य से पहुंची 30 वर्षीय महिला को समय रहते रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई। बाद में महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार आरपीएफ द्वारा रेल संपत्ति की सुरक्षा, यात्रियों की मदद और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *