•कांग्रेस ने भाजपा पर कोटा रैली में बाधा डालने का लगाया आरोप।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दिल्ली से रेलमार्ग द्वारा कोटा जाने के दौरान मथुरा रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित स्वागत कार्यक्रम अपरिहार्य कारणों से निरस्त कर दिया गया। इसकी जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश धनगर ने दी।
मुकेश धनगर ने कहा कि कोटा में नीट, सीबीएसई सहित विभिन्न परीक्षाओं के कथित पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का सरकारी परीक्षाओं पर विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इस कारण कई प्रतियोगी छात्रों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया है। कांग्रेस का कहना है कि इन मुद्दों पर छात्रों की मांगों को राहुल गांधी का समर्थन मिलने से भाजपा सरकार असहज है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कोटा में प्रस्तावित राहुल गांधी की छात्र रैली को प्रभावित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर बैनर, पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्री हटाई जा रही है तथा कोचिंग संस्थानों पर विद्यार्थियों को रैली में शामिल न होने देने का दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी के समय पर कोटा नहीं पहुंचने के उद्देश्य से रेल परिचालन में विलंब की योजना बनाई गई थी। हालांकि, इसकी जानकारी मिलने के बाद राहुल गांधी ने रेल यात्रा के स्थान पर विमान से कोटा जाने का निर्णय लिया। इसके चलते मथुरा जंक्शन से होकर उनका प्रस्तावित रेल यात्रा कार्यक्रम स्थगित हो गया और रेलवे स्टेशन पर होने वाला स्वागत समारोह भी निरस्त करना पड़ा।
मुकेश धनगर ने बताया कि राहुल गांधी निकट भविष्य में उत्तर प्रदेश के प्रस्तावित दौरे के दौरान मथुरा भी आएंगे।