मथुरा। राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की निरंतर पूर्ति तथा महत्वपूर्ण तेल प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत मथुरा रिफाइनरी में 2 नवम्बर 2026 को 801 इंजीनियर रेजिमेंट (R&P), आगरा फोर्ट की टीम के लिए एक दिवसीय तकनीकी अभ्यास-सह-परिचय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ट्रेनिंग वर्ष 2026-27 के अंतर्गत ATC-II का हिस्सा रहे इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को रिफाइनरी के परिचालन कार्यों, महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रतिष्ठानों, सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र तथा देश की महत्वपूर्ण तेल एवं ऊर्जा परिसंपत्तियों के संरक्षण में रिफाइनरी की भूमिका से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान 801 इंजीनियर रेजिमेंट (R&P) की टीम ने मथुरा रिफाइनरी की विभिन्न परिचालन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। अभ्यास का समन्वय लेफ्टिनेंट कर्नल यद राम बघेल एवं कैप्टन मनीष रोहित ने रेजिमेंट के ट्रेनिंग ऑफिसर के साथ किया। यह कार्यक्रम रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर के मार्गदर्शन में मथुरा रिफाइनरी के प्रशिक्षण केंद् में आयोजित किया गया।
मथुरा रिफाइनरी के वरिष्ठ प्रबंधन ने अभ्यास में 801 इंजीनियर रेजिमेंट की टीम द्वारा प्रदर्शित सक्रिय सहभागिता एवं सीखने के प्रति उत्साह की सराहना की। इस प्रकार के कार्यक्रम विभिन्न संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय विकसित करने तथा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय ऊर्जा परिसंपत्तियों की सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को सुदृढ़ करने में सहायक हैं।


