रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीतापुर श्री आशीष जैन के निर्देशानुसार सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीतापुर श्री आलोक यादव ने शुक्रवार को जिला कारागार सीतापुर का साप्ताहिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। सर्वप्रथम महिला बैरक तथा बच्चा बैरक का निरीक्षण किया गया। बच्चा बैरक में निरुद्ध बंदियों से वार्ता के दौरान रूद्र तिवारी ने अपनी आयु 17 वर्ष तथा दीनदयाल उर्फ चुन्नी ने 15 वर्ष बताई। बंदियों ने बताया कि उन्हें रोस्टर के अनुसार समय पर भोजन एवं नाश्ता उपलब्ध कराया जा रहा है तथा किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
इसके उपरांत जिला कारागार स्थित अस्पताल का निरीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने बीमार बंदियों के उपचार की जानकारी दी, जबकि बंदियों ने बताया कि उन्हें समय पर उपचार, दवाइयां एवं भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कारागार में निरुद्ध बंदियों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है तथा पुस्तकालय का रख-रखाव भी सुव्यवस्थित है।
इंडियन बैंक के सहयोग से संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) सीतापुर द्वारा 25 बंदियों को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री आलोक यादव एवं संस्थान के निदेशक श्री अंकुश वर्मा ने प्रशिक्षित बंदियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। इस अवसर पर प्रशिक्षक श्री अखिलेश पाण्डेय, श्री मुनीन्द्र दीक्षित तथा कारागार स्टाफ भी उपस्थित रहा।
निरीक्षण के दौरान जेल लीगल एड क्लीनिक का भी अवलोकन किया गया। वहां दो पराविधिक स्वयंसेवक तैनात पाए गए तथा उनके कार्य रजिस्टरों का निरीक्षण किया गया। स्वयंसेवकों ने बताया कि बंदियों के प्रार्थना-पत्र नियमानुसार जेल अधीक्षक के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को समय पर भेजे जाते हैं।
इस अवसर पर आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में श्रीमती बच्ची देवी बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं सतेन्द्र कुमार अनटिल बनाम सीबीआई सहित विभिन्न महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णयों की जानकारी दी गई। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में भी बंदियों को जागरूक किया गया। निरीक्षण के दौरान जातीय आधार पर भेदभाव से संबंधित कोई मामला संज्ञान में नहीं आया।
निरीक्षण के समय जेलर श्री राजेश कुमार वर्मा, लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री भूपेन्द्र कुमार दीक्षित तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के स्टाफ सदस्य सलीम अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।