रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। थाना मिश्रिख क्षेत्र के ग्राम छावन निवासी संतोष कुमार ने अपनी पत्नी के लापता होने के मामले में थाना पुलिस को प्रार्थना-पत्र देकर तीन नामजद लोगों पर पत्नी को कथित रूप से अपने कब्जे में लेकर अज्ञात स्थान पर छिपाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पत्नी की सकुशल बरामदगी एवं आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना-पत्र में संतोष कुमार ने बताया कि 11 जून 2026 को उनकी पत्नी रूपा देवी गांव के पश्चिम-उत्तर स्थित जंगल में लकड़ी बीनने गई थीं। उनका आरोप है कि उसी दौरान गांव देवरिया निवासी चीकू उर्फ अंकित, गुलजार और बलेश भी आसपास घूमते हुए दिखाई दिए। काफी देर तक पत्नी के घर वापस न लौटने पर उन्होंने तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद से आरोपित भी कथित रूप से गांव में दिखाई नहीं दिए।
प्रार्थी का कहना है कि आरोपितों की गांव में रिश्तेदारी है और वे अक्सर गांव आते-जाते रहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी आरोपित उनकी पत्नी का पीछा करते देखे गए थे। संतोष कुमार ने आशंका जताई है कि उनकी पत्नी को अनैतिक उद्देश्य से कहीं छिपाकर रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकलाज, बदनामी और स्वयं खोजबीन में लगे रहने के कारण तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दे सके।
पीड़ित ने थाना मिश्रिख पुलिस से पत्नी की शीघ्र बरामदगी तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था।