आम आदमी पार्टी ने भिक्षाटन कर चम्पतराय को भेजा 420 का चेक।

Spread the love

बस्ती। भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए धन और चढ़ावे में लूट के आरोपों तथा राम भक्तों की आस्था के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में आम आदमी पार्टी ने  प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के आवाह्न पर रविवार को जिला मुख्यालय और प्रमुख चौराहों पर भिक्षाटन कार्यक्रम आयोजित किया।  

इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में कटोरे और तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया तथा 420 का चेक तैयार कर चंपत राय को भेजा। कार्यकर्ताओं ने ‘ चंदा चोरों गद्दी छोड़ो’, ‘राम भक्तों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ और‘ ‘श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार बंद करो’ जैसे नारे लगाए तथा दान और चढ़ावे में हुई लूट की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान जिलाध्यक्ष डा. राम सुभाष वर्मा  ने कहा कि प्रभु श्री राम हम सभी की आस्था और मर्यादा के सर्वोच्च प्रतीक हैं। उनके भव्य मंदिर निर्माण के नाम पर देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी गाढ़ी कमाई समर्पित की थी। लेकिन आरएसएस और भाजपा के लोग जो खुद को धर्म का ठेकेदार बताते हैं, उन्हीं के पदाधिकारियों द्वारा इस पवित्र चंदे में लूट की जा रही है। यह करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात है।

सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संरक्षण में यह पूरा तंत्र चल रहा है। मोदी जी भ्रष्टाचार पर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन जब उनके अपने ही संगठन (आरएसएस) से जुड़े लोग और उनके करीबी चंदा चोरी में लिप्त पाए जाते हैं, तो वे पूरी तरह मौन साध लेते हैं। महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा और भाजपा आरएसएस ने राम मंदिर को लूटा है।

उन्होंने कहा कि हम चंपत राय को 420 का डिमांड ड्राफ्ट भेजकर यह संदेश दे रहे हैं कि वे प्रभु के मंदिर के पैसों पर डाका डालना बंद करें। अगर भाजपा, आरएसएस या उनके लोगों के पास पैसे की इतनी ही कमी है, तो वे सीधे मांग लें। आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता जनता के बीच झोली फैलाकर, भीख मांगकर पैसा इकट्ठा करेगा और उन्हें दे देगा, लेकिन भगवान के घर में ये हेराफेरी नहीं चलने दी जाएगी।

जिला उपाध्यक्ष वीरेन्द्र यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह जी ने हाल ही में राम मंदिर में चंदा चोरी और तीर्थ क्षेत्र के आसपास की जमीन की खरीद फरोख्त में हुए अब तक के सबसे बड़े भ्रष्टाचार को लेकर कई सनसनीखेज खुलासे किये थे।

सांसद संजय सिंह ने आधिकारिक सरकारी व रजिस्ट्री के दस्तावेजों को सार्वजनिक करते हुए इस महाघोटाले की परतें खोलीं। उन्होंने बताया था कि चंदा चोर चंपत राय ने आलोक बंसल, मनीष बंसल और शिवानी बंसल से शाहनवाजपुर माझा में स्थित 117 बिस्वा जमीन को 55 करोड़ 47 लाख 31 हजार 800 में खरीदा है, जबकि इस जमीन की वास्तविक मालियत महज 9 करोड़ की है।

जिलाध्यक्ष डा. राम सुभाष वर्मा  ने कहा कि इतने सबूत होने पर भी अब तक अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की गई है। मांग किया कि इस पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में समयबद्ध जांच होनी चाहिए और चंपत राय सहित तमाम बेईमानों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी मांग की कि साल 2020 से 2024 तक ट्रस्ट में प्रधानमंत्री मोदी के प्रतिनिधि के तौर पर काम करने वाले नौकरशाह ज्ञानेश कुमार की भी इस लूट में जांच होनी चाहिए ।भिक्षाटन के कार्यक्रम में प्रमुख रूप अब्दुल कयूम, उमेश शर्मा, शेषपाल चौधरी, राम सजन सूर्यबंशी, जियालाल यादव के साथ ही कई कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *