शिक्षा एवं शिक्षक हितों में उत्कृष्ट योगदान पर धर्मेन्द्र चौधरी सम्मानित।

Spread the love

इगलास (अलीगढ़)। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान तथा शिक्षक एवं छात्र हितों के लिए निरंतर सक्रिय रहने वाले युवा शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेन्द्र चौधरी को एलबीके पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इगलास में आयोजित ‘कैडेट्स पाठशाला शिक्षक सम्मान समारोह’ में सम्मानित किया गया।

विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, शिक्षक समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, छात्र कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाने में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका के लिए स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह में विद्यालय के मैनेजर हरिमोहन अग्रवाल, डायरेक्टर मान्या अग्रवाल, वरिष्ठ समाजसेवी नितिन अग्रवाल तथा प्रधानाचार्या चारु गुप्ता ने धर्मेन्द्र चौधरी को सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने शिक्षा जगत में उनके योगदान की सराहना की।

धर्मेन्द्र चौधरी वर्तमान में डीएलएड संयुक्त प्रशिक्षु संघ, जनपद अलीगढ़ के जिलाध्यक्ष हैं। वे शिक्षक एवं प्रशिक्षु हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय रहते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

सम्मान ग्रहण करने के बाद धर्मेन्द्र चौधरी ने विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई ऊर्जा और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ शिक्षा, शिक्षक सम्मान एवं छात्र हितों के लिए कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *