•महाप्रबंधक ने ‘स्टार परफॉर्मर ऑफ द मंथ’ पुरस्कार से किया सम्मानित।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन रेल कर्मचारियों को ‘स्टार परफॉर्मर ऑफ द मंथ’ पुरस्कार से सम्मानित किया। गोरखपुर स्थित महाप्रबंधक सभाकक्ष ‘चैतन्य’ में आयोजित समारोह में उन्हें नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
सम्मानित कर्मचारियों में लखनऊ मंडल के जगतबेला स्टेशन पर कार्यरत कांटावाला अजित कुमार तिवारी शामिल हैं। उन्होंने 22 अप्रैल को एक अप मालगाड़ी के गुजरने के दौरान इंजन से लगभग दसवें वैगन की छत पर एक व्यक्ति को लेटा हुआ देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी, जिसके बाद ट्रेन रुकवाकर व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारा गया। उनकी सतर्कता से संभावित दुर्घटना टल गई।
वाराणसी मंडल के टीआरडी डिपो, छपरा में तकनीशियन जगदीश कुमार महतो को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने 2 अप्रैल को मांझी पुल के पास पेट्रोलिंग के दौरान कैटेनरी तार के पांच स्टैंड कटे होने की जानकारी अधिकारियों को दी। समय रहते मरम्मत कार्य कराकर रेल परिचालन को सुरक्षित बनाया गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
इज्जतनगर मंडल के बनबसा स्टेशन पर तैनात स्टेशन मास्टर सूरज कुमार ने 15 अप्रैल को टनकपुर-दिल्ली एक्सप्रेस के स्टेशन पर प्रवेश के दौरान एसएलआर कोच से असामान्य धुआं निकलते देखा। उन्होंने तत्काल ट्रेन मैनेजर और लोको पायलट को सूचित किया। संयुक्त निरीक्षण में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या सामने आई, जिसे समय रहते दूर कर ट्रेन का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया।
महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने तीनों कर्मचारियों की सजगता, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मचारी रेलवे की संरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी भी उपस्थित रहे।