कृषक चौपाल में अधिकारियों ने सुनी किसानों की समस्याएं, सिंचाई व्यवस्था सुधारने का दिया भरोसा।

Spread the love

बिजनौर। अफजलगढ़ सिंचाई खंड, धामपुर के अंतर्गत कादराबाद निरीक्षण भवन में बुधवार को कृषक चौपाल का आयोजन किया गया। प्राचीन चौपाल परंपरा को पुनर्जीवित करते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में सिंचाई विभाग के अधिकारियों और किसानों ने एक मंच पर बैठकर सिंचाई व्यवस्था, जल संरक्षण तथा कृषि संबंधी समस्याओं पर खुलकर चर्चा की।

चौपाल में ग्राम मुरलीवाला, जामनवाला, कादराबाद, हिदायतपुर उर्फ चौहड़वाला, तुरतपुर, रसूलपुर सहित आसपास के गांवों के किसानों ने भाग लिया। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक सिंचाई तकनीकों, कृषि उत्पादन बढ़ाने के उपाय, मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार तथा जल संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी।

किसानों ने नहरों की साफ-सफाई, सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता, कुलाबों के संचालन तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

सहायक अभियंता विक्रांत कुमार ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सिंचाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे आवश्यकता के अनुसार ही सिंचाई करें तथा सिंचाई के बाद कुलाबा अवश्य बंद करें, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके। साथ ही कटिंग अथवा बंधा लगाकर सिंचाई न करने और कुलाबों के स्थान में किसी प्रकार का परिवर्तन न करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें किसानों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

चौपाल में उपस्थित किसानों ने विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों द्वारा नियमित क्षेत्र भ्रमण और समस्याओं का त्वरित समाधान किसानों के लिए राहतकारी साबित हो रहा है। किसानों ने क्षेत्रीय जूनियर इंजीनियर राकेश भारद्वाज, नासिर हुसैन, नवीन शर्मा एवं गौरव कुमार की कार्यशैली और किसानों के साथ बेहतर समन्वय की भी प्रशंसा की।

कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष खेल सिंह राजपूत, शिवसेना जिलाध्यक्ष चौ. संजय राणा, ग्राम प्रधान कैलाश सिंह, सरदार कुलदीप सिंह, मनवीर सिंह यादव, राकेश नेगी, हरपाल सिंह राणा, विनोद कुमार नैन, सोनू राणा, विपिन शर्मा, किशनलाल, सुरेंद्र सिंह, जयप्रकाश सिंह, हरकेश सिंह, नागेंद्र सिंह, पत्रकार सुनील धस्माना, सनी अग्रवाल, महंत मोहित त्यागी, विजय सिंह, दिनेश कुमार, सचिन कुमार राठी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *