मुख्यमंत्री योगी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

Spread the love

संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 25 जून को तहसील धनघटा स्थित बाबा बैजूनाथ धाम के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर तैनात सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर के साथ सघन जांच की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा यातायात डायवर्जन योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें। फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीम को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी देते हुए निर्देशित किया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *