केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित संतकबीरनगर दौरे को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। खलीलाबाद सदर के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री के करकमलों से बाबा बैजूनाथ धाम की पावन स्थली जिले के ऐतिहासिक एवं सर्वांगीण विकास की साक्षी बनेगी।
बुधवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक जय चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री का आगमन जिले के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि राम-जानकी मार्ग, धनघटा-सिकरीगंज मार्ग एवं बसवारी गांव से जुड़ा यह क्षेत्र विकास की नई दिशा प्राप्त करेगा। बाबा बैजूनाथ धाम के धार्मिक महत्व के अनुरूप यहां आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि यदि मुख्यमंत्री से मिलने का अवसर मिला तो जिले के युवाओं के लिए रोजगार सृजन हेतु बड़े औद्योगिक संस्थानों की स्थापना, मेडिकल कॉलेज, महिला सशक्तिकरण के लिए आधुनिक कम्युनिटी सेंटर, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की मांग रखेंगे।
जय चौबे ने कहा कि वर्षों से बंद पड़ी पेपर मिल के पुनरुद्धार, धनघटा-नेउरी मार्ग के चौड़ीकरण तथा उजियार क्षेत्र की जर्जर सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी। उनका कहना था कि संतकबीरनगर के सर्वांगीण विकास के लिए वे हर स्तर पर संघर्ष करते रहेंगे और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान को अपनी प्राथमिकता बनाए रखेंगे।
पूर्व विधायक ने जिले के युवाओं से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि यह अवसर जिले के विकास की नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त कर सकता है।