कुदरहा में ताजिया जुलूस के दौरान विवाद, मारपीट में एक युवक घायल।

Vijaydoot News

बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के कुदरहा में मोहर्रम के अवसर पर निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान ताजिया आगे-पीछे करने और ढोल बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
जानकारी के अनुसार, जमालपुर के ताजियादार अपनी ताजिया लेकर परेवा और मसोढ़वा होते हुए कुदरहा पहुंचे थे। रास्ते में ताजिया के क्रम को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसे स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया।

इसके बाद जब जुलूस ढोल-नगाड़ों के साथ कुदरहा बाजार पहुंचा तो ढोल बजाने को लेकर जमालपुर निवासी मुंतकीर और कुदरहा निवासी शाबान के बीच फिर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान मुंतकीर के भाई आलमगीर को किसी ने ढोल फेंककर मार दिया, जिससे वह घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कुदरहा चौकी प्रभारी उमेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में सभी छह ताजियों को सुरक्षित कर्बला (कब्रिस्तान) तक पहुंचाया गया, जहां फातिहा पढ़ने के बाद उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

पुलिस ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *