•बोले- सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचेगा
सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत कपिलवस्तु के वार्ड अटल नगर (हथिहवा) में ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद जगदंबिका पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. तथा मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह चौपाल सरकार को जनता के द्वार तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्वयं गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है और पात्र लाभार्थियों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत कपिलवस्तु में 2,360 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। श्रमिकों के हित में भी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, वहीं मुख्यमंत्री विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने में जुटे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है तथा जिला प्रशासन जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि चौपाल के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने श्रम विभाग, मनरेगा सहित अन्य योजनाओं का लाभ उठाने तथा किसानों से अधिकाधिक काला नमक धान की खेती करने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र लोगों को आवास, पेंशन तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नौगढ़ राहुल सिंह, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पांडेय, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कपिलवस्तु नवीन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।