भीषण गर्मी में बिजली संकट से त्रस्त मिश्रिख के लोग, फोन नहीं उठाने का बिजली विभाग पर आरोप।

Spread the love

मिश्रिख (सीतापुर)। भीषण गर्मी के बीच नगर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और विद्युत आपूर्ति में बाधा से आमजन का जनजीवन प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण कई मोहल्लों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे पेयजल, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

नगर के चंद्रपुर वार्ड संख्या-21 में फेस उड़ जाने के कारण करीब 10 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए जब पावर हाउस पर फोन किया जाता है तो वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे लोगों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था को सुचारु रखने के बजाय विभागीय अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति उदासीन बने हुए हैं, जिससे सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है। लोगों ने कहा कि समय पर शिकायतों का निस्तारण न होने से उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगरवासियों ने जिलाधिकारी, सीतापुर से मांग की है कि मामले की जांच कर बिजली व्यवस्था में सुधार कराया जाए तथा शिकायतों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *