शटडाउन के बावजूद दौड़ी हाईवोल्ट लाइन, संविदा लाइनमैन की मौत से आक्रोश।

Spread the love

जौनपुर। जनपद के बरसठी थाना क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से एक संविदा लाइनमैन की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार कारो गहरपुर इमलिया गांव निवासी अशोक यादव निगोह फीडर पर संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे वह बरेठी गांव स्थित सरोज बस्ती के पास आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन को ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़े थे। मृतक के पुत्र शनि यादव का आरोप है कि उनके पिता ने कार्य शुरू करने से पहले पावर हाउस पर फोन कर शटडाउन लिया था। शटडाउन मिलने के बाद ही उन्होंने लाइन पर काम शुरू किया, लेकिन इसी दौरान अचानक बिजली प्रवाहित हो गई और वह करंट की चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट लगने के बाद अशोक यादव कुछ देर तक तार से चिपके रहे और फिर नीचे गिर पड़े। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। अशोक यादव परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। परिवार में पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्र हैं।

परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग के एसडीओ, जेई और एक्सईएन तीन घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचे। सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, नायब तहसीलदार अमित कुमार सरोज और थाना प्रभारी बरसठी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।

ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *